राजनीति

भूपेश बघेल राजनांदगांव से तो कोरबा से ज्योत्सना महंत, छत्तीसगढ़ की लोकसभा सीट के प्रत्याशियों के नाम का हुआ ऐलान

लोकसभा चुनाव 2024 को लेकर भारतीय जनता पार्टी के बाद अब कांग्रेस पार्टी ने भी अपने प्रत्याशियों की पहली सूची जारी कर दी है। कांग्रेस पार्टी ने छत्तीसगढ़ की 11 लोकसभा सीटों में से 6 लोकसभा सीटों के प्रत्याशियों के नाम का ऐलान कर दिया है। कांग्रेस पार्टी ने छत्तीसगढ़ की राजनांदगांव लोकसभा सीट से पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को प्रत्याशी बनाया है। इसके अलावा कांग्रेस ने दुर्ग, कोरबा, जांजगीर-चांपा, महासमुंद और रायपुर से प्रत्याशियों के नाम की घोषणा कर दी है।

इन्हें बनाया कांग्रेस ने प्रत्याशी

छत्तीसगढ़ में 11 लोकसभा सीटों में से कांग्रेस पार्टी ने अपनी पहली लिस्ट में 6 लोकसभा सीटों के प्रत्याशियों के नाम का ऐलान कर दिया है।‌ कांग्रेस पार्टी के द्वारा जारी की गई सूची के अनुसार रायपुर लोकसभा सीट से विकास उपाध्याय, राजनांदगांव लोकसभा सीट से पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल , कोरबा लोकसभा सीट से ज्योत्सना चरणदास महंत, महासमुंद लोकसभा सीट से ताम्रध्वज साहू, दुर्ग लोकसभा सीट से राजेंद्र साहू और जांजगीर-चांपा लोकसभा सीट से डॉ शिवकुमार डेहरिया को चुनाव में प्रत्याशी बनाया है। अभी भी कांग्रेस पार्टी की पांच लोकसभा सीटों में प्रत्याशियों के नाम का ऐलान होना बाकी है।

राजनांदगांव लोकसभा से भूपेश बघेल बनाए गए प्रत्याशी

छत्तीसगढ़ की राजनांदगांव लोकसभा सीट से कांग्रेस पार्टी ने इस बार पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को प्रत्याशी बना दिया है। बतादे कि राजनांदगांव लोकसभा सीट पर वर्तमान में भारतीय जनता पार्टी का कब्जा है। यहां से भाजपा के संतोष पांडे सांसद हैं। जिन्हें भारतीय जनता पार्टी ने एक बार फिर प्रत्याशी बनाते हुए मैदान में उतारा है। यानी राजनांदगांव लोकसभा सीट से भाजपा के संतोष पांडे और कांग्रेस पार्टी से भूपेश बघेल चुनाव के मैदान में आमने-सामने होंगे।

कोरबा लोकसभा सीट से एक बार फिर ज्योत्सना महंत को मौका

छत्तीसगढ़ की कोरबा लोकसभा सीट जहां साल 2019 के लोकसभा के चुनाव में कांग्रेस पार्टी ने जीत हासिल की थी। यहां से कांग्रेस पार्टी की उम्मीदवार ज्योत्सना चरण दास महंत चुनाव जीत कर लोकसभा पहुंची थी। कांग्रेस पार्टी ने एक बार फिर ज्योत्सना महंत पर भरोसा जताते हुए लोकसभा का टिकट दिया है। कोरबा लोकसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी की तेज तर्रार नेत्री पूर्व राज्यसभा सांसद सरोज पांडे को भाजपा ने टिकट देकर मैदान में उतारा है। कोरबा लोकसभा सीट से इस बार कांग्रेस और भाजपा की दोनों दिग्गज नेत्री आमने-सामने होगी।

रायपुर लोकसभा से पहली बार के विधायक विकास को मौका

छत्तीसगढ़ की रायपुर लोकसभा सीट से कांग्रेस पार्टी ने इस बार युवा चेहरे पर दांव खेला है। कांग्रेस पार्टी ने साल 2018 में विधायक रहे विकास उपाध्याय को रायपुर लोकसभा सीट से चुनाव के मैदान में उतारा है। रायपुर लोकसभा सीट जिसे कांग्रेस पार्टी छत्तीसगढ़ बनने के बाद अब तक जीत नहीं सकी है। यहां इससे पहले साल 2019 के चुनाव में सुनील सोनी चुनाव जीत कर सांसद बने थे। लेकिन इस बार भारतीय जनता पार्टी ने सुनील सोनी का टिकट काटकर वर्तमान में छत्तीसगढ़ सरकार में मंत्री बृजमोहन अग्रवाल को लोकसभा चुनाव का टिकट दिया है। इस बार रायपुर लोकसभा सीट से भाजपा के दिग्गज नेता बृजमोहन अग्रवाल और कांग्रेस के युवा नेता विकास उपाध्याय आमने-सामने होंगे।

Team UK News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button