प्रवासी उत्तराखंडियों ने किया लेखक गाँव का भ्रमण, साहित्यिक एवं सांस्कृतिक विरासत से हुए प्रभावित। – The Uttarakhand News

प्रवासी उत्तराखंडियों ने किया लेखक गाँव का भ्रमण, साहित्यिक एवं सांस्कृतिक विरासत से हुए प्रभावित।

प्रवासी उत्तराखंडियों ने किया लेखक गाँव का भ्रमण, साहित्यिक एवं सांस्कृतिक विरासत से हुए प्रभावित।

उत्तराखंड (देहरादून) शनिवार , 14 नवंबर 2026

अपनी माटी, संस्कृति और जड़ों से जुड़ाव का भाव आज लेखक गाँव, थानो में देखने को मिला, जब देश-विदेश से पहुँचे प्रवासी उत्तराखंडी भाई-बहनों ने लेखक गाँव का भ्रमण किया। इस अवसर लेखक गांव परिवार द्वारा उनका स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। भ्रमण के दौरान उन्होंने लेखक गाँव की साहित्यिक, सांस्कृतिक एवं प्राकृतिक विरासत के साथ यहाँ विकसित विभिन्न संस्थानों और गतिविधियों का अवलोकन किया।

प्रवासी उत्तराखंडियों ने लेखक गाँव स्थित नालंदा पुस्तकालय एवं शोध केंद्र, अटल प्रेक्षागृह, हिमालय संजीवनी वाटिका, प्रकृति की पाठशाला सहित विभिन्न आधारभूत संरचनाओं का भ्रमण किया। उन्होंने यहाँ भारतीय ज्ञान परंपरा, साहित्य, संस्कृति और प्रकृति के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी प्राप्त की।

इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री एवं लेखक गांव के संस्थापक डॉ. रमेश पोखरियाल ‘निशंक’ ने कहा कि अपनी जन्मभूमि, पैतृक गांव, भाषा और संस्कृति से जुड़े रहना हमारी सबसे बड़ी पहचान है। यह प्रसन्नता का विषय है कि प्रवासी उत्तराखंडी देश-दुनिया के विभिन्न हिस्सों में रहते हुए भी अपनी जड़ों से जुड़े हैं और अपने गांवों एवं प्रदेश के विकास में सक्रिय योगदान दे रहे हैं। उनका अनुभव, प्रतिभा और सहयोग उत्तराखंड के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।

लेखक गाँव की निदेशक विदुषी निशंक ने कहा कि लेखक गाँव अपनी संस्कृति, परंपराओं और भारतीय ज्ञान परंपरा को सहेजने का एक सार्थक प्रयास है। प्रवासी उत्तराखंडियों का अपनी माटी और पैतृक गांवों से जुड़ाव सराहनीय है। उनके अनुभव और सहभागिता से प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण तथा ग्रामीण विकास को नई दिशा मिल सकती है।

भ्रमण के दौरान प्रवासी उत्तराखंडियों ने लेखक गाँव की परिकल्पना और यहाँ विकसित की गई व्यवस्थाओं की सराहना की। उन्होंने कहा कि यहाँ आकर उन्हें अपनी मिट्टी, संस्कृति और परंपराओं से जुड़ने का आत्मीय अनुभव हुआ।

इस अवसर पर स्पर्श हिमालय विश्वविद्यालय के अध्यक्ष प्रो प्रदीप भारद्वाज, कुलपति प्रो. राकेश सुंदरियाल, सचिव बालकृष्ण चमोली सहित लेखक गांव परिवार के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *