नगर निगम कर्मचारियों ने खत्म की हड़ताल, दो दिन में जमा हुआ आठ सौ टन कूड़ा; भाजपा विधायक महेश जीना थे विरोध की वजह – The Uttarakhand News

नगर निगम कर्मचारियों ने खत्म की हड़ताल, दो दिन में जमा हुआ आठ सौ टन कूड़ा; भाजपा विधायक महेश जीना थे विरोध की वजह

 सल्ट (अल्मोड़ा) से भाजपा विधायक महेश सिंह जीना द्वारा नगर आयुक्त व अन्य कर्मचारियों के साथ अभद्रता के विरोध में चल रही नगर निगम कर्मचारियों की हड़ताल समाप्त हो गई है। विधायक के विरुद्ध शहर कोतवाली में मुकदमा दर्ज होने और जिलाधिकारी सोनिका से वार्ता के बाद कर्मचारियों ने काम पर लौटने का निर्णय लिया।

दो दिन रही हड़ताल के कारण नगर निगम की तमाम व्यवस्थाएं चरमरा गईं। शहरभर में कूड़ा उठान न होने से जगह-जगह ढेर लगे हैं। शुक्रवार से व्यवस्था पटरी पर लौटने की उम्मीद है। हालांकि, दो दिन का करीब आठ सौ टन कूड़ा एक साथ निस्तारित करना चुनौती हो सकता है।

वार्ता के बाद कर्मचारियों ने हड़ताल ली वापस

गुरुवार को जिलाधिकारी के कैंप कार्यालय में नगर निगम प्रशासक एवं जिलाधिकारी सोनिका और कर्मचारी यूनियन के नेताओं के बीच वार्ता हुई। जिसके बाद कर्मचारियों ने हड़ताल वापस लेने का निर्णय लिया। दो दिन की हड़ताल के चलते घर-घर कूड़ा उठान पूरी तरह ठप रहा। कई जगह घरों का कूड़ा खाली प्लाट व नदी-नालों में फेंका गया। इसके अलावा सड़कों के किनारे भी कूड़ा पड़ा रहा।

दो दिन में जमा हुआ सौ टन कूड़ा

शहर में रोजाना करीब 400 टन कूड़ा उत्सर्जित होता है। ऐसे में दो दिन में आठ सौ टन कूड़ा जमा होने का अनुमान है। इसके साथ ही तीसरे दिन का कूड़ा भी निस्तारित किया जाना है, जो कि बड़ी चुनौती साबित हो सकता है। शुक्रवार को महाशिवरात्रि है और दो दिन के कूड़े को पूरी तरह साफ करने की चुनौती खड़ी है।

नगर निगम में दो दिन नहीं हुए कोई काम

कर्मचारियों की हड़ताल के चलते नगर निगम में दो दिन सभी कार्य ठप रहे। इस दौरान निगम में जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र बनाने व भवन कर जमा कराने समेत अन्य कार्यों के लिए बड़ी संख्या में लोग निगम पहुंचते रहे, लेकिन कार्यालयों में ताला लटका देख वह लौट गए।

संगठनों ने विधायक के विरुद्ध सीएम को भेजा पत्र

आईएएस अधिकारी गौरव कुमार के साथ हुई अभद्रता के विरोध में विभिन्न राजनीतिक एवं सामाजिक संगठनों ने जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर अपर तहसीलदार को ज्ञापन दिया। ज्ञापन के जरिये आरोपित विधायक के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की। ज्ञापन देने वालों में सीपीआई के सचिव अनंत आकाश, नवनीत गुसांई, लेखराज, प्रभात डंडरियाल, सुरेश कुमार आदि शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *