आयुक्त गढ़वाल मंडल आनंद स्वरूप ने सहसपुर क्षेत्र में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के अंतर्गत आयोजित सघन शिविरों एवं चयनित मतदेय स्थलों का निरीक्षण किया। – The Uttarakhand News

आयुक्त गढ़वाल मंडल आनंद स्वरूप ने सहसपुर क्षेत्र में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के अंतर्गत आयोजित सघन शिविरों एवं चयनित मतदेय स्थलों का निरीक्षण किया।

आयुक्त गढ़वाल मंडल आनंद स्वरूप ने सहसपुर क्षेत्र में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के अंतर्गत आयोजित सघन शिविरों एवं चयनित मतदेय स्थलों का निरीक्षण किया।

उत्तराखंड (देहरादून) शुक्रवार, 21 अगस्त 2026

आयुक्त गढ़वाल मंडल आनंद स्वरूप ने आज विधानसभा सहसपुर क्षेत्र में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के अंतर्गत आयोजित सघन शिविरों एवं चयनित मतदेय स्थलों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मौके पर चल रहे मतदाता सूची पुनरीक्षण एवं मैपिंग कार्य की प्रगति की जानकारी ली तथा संबंधित अधिकारियों एवं बीएलओ को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

उन्होंने निर्देशित किया कि निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप मतदाता सूची में मैपिंग से छूटे मतदाताओं के प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर परीक्षण किया जाए। बीएलओ द्वारा मतदाताओं से आवश्यक अभिलेख एवं निर्धारित प्रमाण-पत्र प्राप्त करते हुए उनका नियमानुसार सत्यापन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे तथा पूरी प्रक्रिया पारदर्शी एवं निर्धारित समयसीमा के भीतर संपादित की जाए।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने शिविरों में पहुंचे नागरिकों से भी संवाद किया तथा एसआईआर प्रक्रिया के संबंध में उनकी शंकाओं एवं समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नागरिकों को मैपिंग एवं आवश्यक दस्तावेजों के संबंध में स्पष्ट एवं सही जानकारी उपलब्ध कराई जाए, ताकि उन्हें अनावश्यक परेशानी न हो। गढ़वाल आयुक्त ने नागरिकों से अपील की कि जिन मतदाताओं की अभी तक मतदाता सूची में मैपिंग नहीं हो पाई है, वे घबराएं नहीं तथा निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित प्रमाण-पत्र/अभिलेख जल्द से जल्द संबंधित बीएलओ अथवा निर्धारित शिविर में उपलब्ध कराएं। आवश्यक दस्तावेजों के सत्यापन के उपरांत नियमानुसार उनका नाम मतदाता सूची में शामिल करने की कार्रवाई की जाएगी।

निरीक्षण के लिए चयनित मतदेय स्थलों में राजकीय प्राथमिक विद्यालय झाझरा, जूनियर हाईस्कूल सेलाकुई, राजकीय इंटर कॉलेज सेलाकुई तथा राजकीय प्राथमिक विद्यालय लक्ष्मीपुर सहित क्षेत्र के अन्य संबंधित स्थल शामिल रहे। इन मतदेय स्थलों पर मतदाताओं की मैपिंग एवं पुनरीक्षण संबंधी कार्यवाही का जायजा लिया गया। आयुक्त ने बीएलओ एवं संबंधित निर्वाचन कार्मिकों को निर्देशित किया कि वे घर-घर संपर्क एवं शिविरों के माध्यम से ऐसे मतदाताओं तक पहुंच सुनिश्चित करें, जिनकी मैपिंग किसी कारणवश लंबित है। साथ ही, प्राप्त दस्तावेजों का नियमानुसार परीक्षण करते हुए प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने कहा कि मतदाता सूची का शुद्ध, पारदर्शी एवं त्रुटिरहित होना लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूती के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसलिए सभी संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी पूरी गंभीरता, संवेदनशीलता और निष्पक्षता के साथ एसआईआर कार्य को संपादित करें। इस अवसर पर नगर मजिस्टेªट/ईआरओ सहसपुर राकेश तिवारी, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी नरेन्द्र देवली सहित सम्बन्धित अधिकारी कार्मिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *