देशभर के मुख्यमंत्रियों के प्रदर्शन को लेकर किए गए बेस्ट चीफ मिनिस्टर सर्वे-2026 में धामी ने दूसरा स्थान हासिल किया। – The Uttarakhand News

देशभर के मुख्यमंत्रियों के प्रदर्शन को लेकर किए गए बेस्ट चीफ मिनिस्टर सर्वे-2026 में धामी ने दूसरा स्थान हासिल किया।

देशभर के मुख्यमंत्रियों के प्रदर्शन को लेकर किए गए बेस्ट चीफ मिनिस्टर सर्वे-2026 में धामी ने दूसरा स्थान हासिल किया।

उत्तराखंड (देहरादून) सोमवार, 02 नवंबर 2026

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की लोकप्रियता और नेतृत्व क्षमता को राष्ट्रीय स्तर पर एक और पहचान मिली है। देशभर के मुख्यमंत्रियों के प्रदर्शन को लेकर किए गए बेस्ट चीफ मिनिस्टर सर्वे-2026 में धामी ने दूसरा स्थान हासिल किया है। उन्होंने 1000 में से 888 अंक प्राप्त कर देश के दिग्गज मुख्यमंत्रियों के बीच अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई है। वहीं, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 897 अंकों के साथ पहले और असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा 874 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहे।

फेम इंडिया पत्रिका और एशिया पोस्ट के संयुक्त सर्वे में धामी का दूसरे स्थान पर पहुंचना उत्तराखंड की राजनीति के लिहाज से भी अहम माना जा रहा है। सीमित संसाधनों और भौगोलिक चुनौतियों वाले पर्वतीय राज्य का नेतृत्व करते हुए राष्ट्रीय रैंकिंग में दूसरा स्थान हासिल करना उनके नेतृत्व और प्रशासनिक कार्यशैली को मिली बड़ी पहचान के तौर पर देखा जा रहा है। खास बात यह है कि पहले और दूसरे स्थान के बीच महज नौ अंकों का अंतर है। यानी शीर्ष स्थान की दौड़ में धामी ने भी बेहद मजबूत चुनौती पेश की।

सर्वे में देश के 15 मुख्यमंत्रियों को शामिल किया गया। इनमें शीर्ष दस को बेस्ट चीफ मिनिस्टर और 11वें से 15वें स्थान तक के मुख्यमंत्रियों को मुख्यमंत्री पंचरत्न श्रेणी में रखा गया। करीब तीन से चार महीने तक चले इस सर्वे में मुख्यमंत्रियों की लोकप्रियता, नेतृत्व क्षमता, प्रशासनिक दक्षता और जनता के बीच उनकी स्वीकार्यता को परखने का दावा किया गया है।

सर्वे की प्रक्रिया में सोशल मीडिया और पारंपरिक मीडिया में मुख्यमंत्रियों को लेकर सामने आई प्रतिक्रियाओं, चर्चाओं और जनधारणाओं का अध्ययन किया गया। इसके बाद विभिन्न क्षेत्रों की प्रतिष्ठित हस्तियों, बुद्धिजीवियों और विशिष्ट व्यक्तियों की राय ली गई। अंतिम चरण में आम नागरिकों से सीधे संवाद कर उनके अनुभव और विचार भी शामिल किए गए।

मुख्यमंत्रियों का मूल्यांकन दस प्रमुख मानकों पर किया गया। इनमें सुशासन, कानून-व्यवस्था, व्यक्तित्व, छवि, कार्यक्षमता, प्रभाव, विभागों की समझ, लोकप्रियता, दूरदर्शिता तथा कार्यशैली और परिणाम शामिल हैं। इन सभी मानकों पर मिले अंकों के आधार पर 1000 अंकों के पैमाने पर अंतिम रैंकिंग तैयार की गई।

धामी का इस सर्वे में दूसरा स्थान हासिल करना ऐसे समय में महत्वपूर्ण है, जब उत्तराखंड में 2027 के विधानसभा चुनाव की राजनीतिक सरगर्मियां धीरे-धीरे तेज हो रही हैं। राष्ट्रीय स्तर पर मिली यह रैंकिंग भाजपा के लिए भी राजनीतिक संदेश देने का अवसर बन सकती है। हालांकि, सर्वे के नतीजे निजी संस्था के आकलन पर आधारित हैं, लेकिन इससे धामी की राष्ट्रीय राजनीतिक पहचान और नेतृत्व की चर्चा को निश्चित रूप से नई धार मिली है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *