हिमालय के ऊँचे शिखर, नदियां, झरने, सर्पाकार सड़कें, घने जंगल, झील और हर पहाड़ पर पवित्र मंदिर ये सारी चीजें उत्तराखंड में हैं। उतराखंड को देवभूमि के नाम से भी जाना जाता है। यह छोटा सा खूबसूरत प्रदेश दो मंडलों (कुमाऊं व गढ़वाल) और 13 जिलों में बंटा हुआ है।
हिंदुओं की आस्था के प्रतीक पवित्र चारधाम बद्रीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री यहीं स्थित हैं। उत्तर का यह पहाड़ी राज्य गंगा और यमुना समेत देश की प्रमुख नदियों का उद्गम स्थल भी है। खूबसूरत झीलें, हिल स्टेशन, करीब 12 नेशनल पार्क, ग्लेशियरों और वैली ऑफ फ्लॉवर (फूलों की घाटी) का भी घर है, जिसे यूनेस्को ने विश्व धरोहर की सूची में शामिल किया है। यह राज्य अपने प्रचुर प्राकृतिक संसाधनों, घने जंगलों, ग्लेशियरों और बर्फ से ढंकी चोटियों के लिए जाना जाता है। आज हम आपको उत्तराखंड के खूबसूरत पर्यटन स्थलों में शुमार चंडाक के बारे में बताएंगे।
चंडाक पवित्र स्थलों में शुमार।
हिमालय की गोद में बसे पिथौरागढ़ में सात हजार फीट की ऊंचाई पर स्थित चंडाक खूबसूरत धार्मिक पर्यटन स्थलों में शुमार है। बताया जाता है कि यहां से हिमालय की चोटयों के भव्यता देखते ही बनती है। इस जगह की अपनी धार्मिक मान्यता भी है। कहा जाता है कि यहां देवी ने असुरों का संहार किया था। जबकि द्वापर युग में पांडवों ने अज्ञातवास के दिन यहीं पर गुजारे थे। जिस जगह पर देवी ने चंड राक्षस का नाश किया उसे चंडाक और जिस जगह पर मुंड का वध किया उसे मड़ नाम से जाना जाता है।
देवी ने किया था राक्षसों नाश।
बहुत पहले किसी जमाने में पिथौरागढ़ नगर सरोवर था। तब रामगंगा और सरयू नदी के संगम स्थल रामेश्वर तक जाने का रास्ता चंडाक होकर ही जाता था। ऐसी मान्यता है कि जब देवी राक्षसों का नाश कर रही थीं तो चंड और मुंड राक्षसों का पीछा करती हुई चंडाक तक पहुंचीं थी। ऐसा कहा जाता है कि चंडाक में देवी ने चंड राक्षस का नाश किया था। इसी वजह से इस जगह का नाम चंडाक पड़ गया। इसके पास ही मड़ नाम की जगह पर देवी ने मुंड राक्षस का नाम किया जिसका नाम मड़ गया। इसे द्वापर काल से भी जोड़ा जाता है। द्वापर युग में जब पांडव अज्ञातवास पर थे तब द्रौपदी भीम के साथ रहती थीं।
खूबसूरत जगह चंडाक।
चंडाक सोर घाटी का सबसे ऊंचा देवदार के जंगलों से घिरा और बहुत खूबसूरत जगह है। चंडाक पिथौरागढ़ नगर का प्रमुख पर्यटन केंद्र है। जहां से हिमालय के विराट दर्शन होते हैं। अगर आप भी उत्तराखंड में घूमने आए तो चंडाक जरूर घूमें। यह जगह पर्यटन की दृष्टि से बहुत ही खूबसूरत है।