उत्तराखंड

मुख्यमंत्री ने ‘रन फॉर कारगिल हीरोज’ मैराथॉन को दिखाई हरी झंडी।

शौर्य स्थल पर दी श्रद्धांजलि।

मुख्यमंत्री ने ‘रन फॉर कारगिल हीरोज’ मैराथॉन को दिखाई हरी झंडी।

उत्तराखंड (देहरादून) शनिवार 24 जुलाई 2026

कारगिल विजय दिवस की पूर्व वेला पर शनिवार को राजधानी देहरादून राष्ट्रभक्ति के रंग में सराबोर हो उठी। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने गढ़ीकैंट स्थित शौर्य स्थल, चीड़बाग से ‘रन फॉर कारगिल हीरोज’ मैराथॉन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर उन्होंने शौर्य स्थल पर पुष्पचक्र अर्पित कर कारगिल के अमर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि दी तथा राष्ट्र की रक्षा के लिए उनके सर्वाेच्च बलिदान को कृतज्ञ राष्ट्र की ओर से नमन किया। मुख्यमंत्री ने प्रदेश एवं देशवासियों को कारगिल विजय दिवस की हार्दिक शुभकामनाएँ भी दीं।

कारगिल विजय दिवस की पूर्व वेला पर आयोजित इस मैराथॉन में बड़ी संख्या में युवाओं, पूर्व सैनिकों, मातृशक्ति और नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। देशभक्ति के नारों और तिरंगे की शान के बीच दौड़ते युवाओं का जोश और उत्साह पूरे वातावरण को राष्ट्रप्रेम से ओत-प्रोत कर रहा था।

मुख्यमंत्री श्री धामी ने कहा कि कारगिल युद्ध भारतीय सैन्य इतिहास का स्वर्णिम अध्याय है, जिसमें भारतीय सेना के वीर जवानों ने दुर्गम एवं चुनौतीपूर्ण चोटियों पर अदम्य साहस, शौर्य और पराक्रम का परिचय देते हुए विजय प्राप्त की। उन्होंने कहा कि कारगिल युद्ध में भारतीय सैनिकों के अद्वितीय बलिदान और वीरता ने न केवल देश को ऐतिहासिक विजय दिलाई, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की कूटनीतिक क्षमता का भी प्रभावी परिचय कराया।

उन्होंने कहा कि तत्कालीन प्रधानमंत्री भारत रत्न स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी के दूरदर्शी नेतृत्व में भारत ने कारगिल युद्ध में ऐतिहासिक सफलता प्राप्त की। भारतीय सेना के रणबांकुरों ने अपने सर्वाेच्च बलिदान से राष्ट्र की आन, बान और शान को अक्षुण्ण रखा। ऐसे अमर वीर सपूत सदैव देशवासियों के हृदय में अमिट रहेंगे तथा आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्रसेवा और देशभक्ति के लिए निरंतर प्रेरित करते रहेंगे।

मुख्यमंत्री ने युवाओं का आह्वान करते हुए कहा कि वे कारगिल के वीर योद्धाओं के आदर्शों से प्रेरणा लेकर राष्ट्रनिर्माण, समाजसेवा और देशभक्ति के पथ पर आगे बढ़ें तथा अपने कर्तव्यों का समर्पण भाव से निर्वहन करें।

रन फॉर कारगिल हीरोज’ मैराथॉन का समापन गांधी पार्क में हुआ, जहाँ कैबिनेट मंत्री एवं सैनिक कल्याण मंत्री श्री गणेश जोशी तथा कैबिनेट मंत्री श्री खजान दास ने प्रतियोगिता में प्रथम तीन स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। इस अवसर पर उपस्थित सभी लोगों ने देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा के प्रति अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने की शपथ भी ली।

रन फॉर हीरोज मैराथन में विभिन्न श्रेणियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले धावकों के परिणाम इस प्रकार रहे। एनसीसी बालक वर्ग में सूरज ने प्रथम, आयुष कुमार ने द्वितीय तथा कृष ठाकुर ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। एनसीसी बालिका वर्ग में वैष्णवी प्रथम, द्विवजा द्वितीय और इल्मा तृतीय स्थान पर रहीं। सीनियर सिटीजन वर्ग में मुकेश राणा ने पहला, जितेन्द्र गुप्ता ने दूसरा तथा गोविन्द राणा ने तीसरा स्थान हासिल किया। भूतपूर्व सैनिक वर्ग में कलम सिंह बिष्ट प्रथम, विजय सिंह द्वितीय और राम सिंह भण्डारी तृतीय स्थान पर रहे। दिव्यांग वर्ग में अनुष्का एवं सुनील नेगी ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विजेता बनने का गौरव प्राप्त किया। 18 वर्ष से अधिक आयु के पुरुष वर्ग में अंकित पंवार प्रथम, रोहित द्वितीय तथा अमित कुमार तृतीय स्थान पर रहे। वहीं महिला वर्ग में तनुश्री चौहान ने प्रथम, महक नेगी ने द्वितीय और लीला शाह ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। उच्च शिक्षण संस्थानों के छात्र वर्ग में विपिन वर्मा प्रथम, अंकित द्वितीय तथा सागर जोशी तृतीय स्थान पर रहे। छात्रा वर्ग में निकिता जोशी ने प्रथम, रानी ने द्वितीय और श्वेता ने तृतीय स्थान हासिल किया।

कार्यक्रम में कैबिनेट एवं सैनिक कल्याण मंत्री श्री गणेश जोशी, कैबिनेट मंत्री श्री खजान दास, जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान, जिला सैनिक कल्याण अधिकारी (कर्नल सेवानिवृत्त) ओम प्रकाश फस्वाण, जिला क्रीड़ा अधिकारी सबाली गुरंग सहित बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक, युवा, मातृशक्ति एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button