उत्तराखंड

देहरादून में SMILE योजना के तहत टपकेश्वर मंदिर परिसर में चिकित्सा शिविर आयोजित किया गया।

शिविर का मुख्य उद्देश्य भिक्षावृत्ति में संलिप्त व्यक्तियों का स्वास्थ्य परीक्षण कर सम्मानजनक जीवन के लिए प्रेरित करना रहा

देहरादून में SMILE योजना के तहत टपकेश्वर मंदिर परिसर में चिकित्सा शिविर आयोजित किया गया।

उत्तराखंड (देहरादून) बुधवार, 18 मार्च  2026

सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा संचालित ‘SMILE (Support for Marginalized Individuals for Livelihood and Enterprise)’ योजना के अंतर्गत जनपद देहरादून में टपकेश्वर मंदिर क्षेत्र का चयन किया गया है। योजना के प्रथम चरण में इस क्षेत्र में भिक्षावृत्ति में संलिप्त व्यक्तियों की पहचान कर उनके बचाव, परामर्श, पुनर्वास, कौशल विकास एवं आजीविका से जोड़कर उन्हें समाज की मुख्यधारा में शामिल करने की प्रक्रिया प्रारंभ की गई है।

राज्य क्रियान्वयन एजेंसी उत्तराखण्ड बहुउद्देशीय वित्त एवं विकास निगम द्वारा कराए गए सर्वेक्षण में कुल 27 व्यक्तियों की पहचान की गई। द्वितीय चरण में इन चिन्हित व्यक्तियों के पुनर्वास एवं अभिमुखीकरण के उद्देश्य से शासन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप जिला प्रशासन, समाज कल्याण विभाग एवं स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त तत्वावधान में बुधवार को टपकेश्वर मंदिर परिसर में एक चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया।

शिविर का मुख्य उद्देश्य भिक्षावृत्ति में संलिप्त व्यक्तियों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श प्रदान करना तथा पुनर्वास, आजीविका और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जोड़कर सम्मानजनक जीवन के लिए प्रेरित करना रहा।

इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने 10 व्यक्तियों का रक्तचाप, मधुमेह, क्षय रोग सहित अन्य बीमारियों की जांच की तथा आवश्यक परामर्श के साथ दवाइयों का वितरण किया। साथ ही विभागीय अधिकारियों ने उपस्थित व्यक्तियों को पुनर्वास संबंधी योजनाओं, स्वरोजगार के अवसरों, कौशल विकास एवं सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की विस्तृत जानकारी देकर मार्गदर्शन प्रदान किया।

कार्यक्रम के अंत में अधिकारियों ने इस पहल को सराहनीय बताते हुए कहा कि इस प्रकार के प्रयास भिक्षावृत्ति में संलिप्त व्यक्तियों को इस प्रवृत्ति से मुक्त कर आत्मसम्मान के साथ जीवन यापन करने में सहायक सिद्ध होंगे।

शिविर में उपमहाप्रबंधक एवं राज्य समन्वयक (SMILE) गोरधन सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी दीपाकर धिल्डियाल, डॉ. डी.सी. ध्यानी सहित स्वास्थ्य विभाग की टीम और अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button