देहरादून से अयोध्या, मथुरा, अमृतसर और वैष्णो देवी की बसें बंद,श्रद्धालुओं में रोष , CM धामी से बस सेवा बहाल करने की मांग। – The Uttarakhand News

देहरादून से अयोध्या, मथुरा, अमृतसर और वैष्णो देवी की बसें बंद,श्रद्धालुओं में रोष , CM धामी से बस सेवा बहाल करने की मांग।

देहरादून से अयोध्या, मथुरा, अमृतसर और वैष्णो देवी की बसें बंद,श्रद्धालुओं में रोष , CM धामी से बस सेवा बहाल करने की मांग।

उत्तराखंड (देहरादून) शनिवार , 21 नवंबर 2026

उत्तराखंड परिवहन निगम की देहरादून से चलने वाली लंबी दूरी की बस सेवाएं बंद होने से श्रद्धालुओं और आम यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

जानकारी के अनुसार देहरादून आईएसबीटी से श्री राम जन्मभूमि अयोध्या, मथुरा, श्री अमृतसर साहिब और श्री वैष्णो देवी जाने वाली बसों का संचालन बंद हो गया है। इससे धार्मिक यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं को प्राइवेट वाहनों पर निर्भर होना पड़ रहा है, जिसमें उन्हें ज्यादा किराया देना पड़ रहा है।

इस मामले को लेकर समाजसेवी कुलदीप सिंह ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पत्र लिखकर जनहित में तत्काल कार्यवाही की मांग की है।

पत्र में कहा गया है कि उत्तराखंड पर्यटन प्रदेश है और देहरादून से धार्मिक स्थलों के लिए सीधी बस सेवा बंद होने से धार्मिक पर्यटन पर भी असर पड़ रहा है। बस सेवा दोबारा शुरू होने से न केवल श्रद्धालुओं को राहत मिलेगी, बल्कि धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।

कुलदीप सिंह ने पत्र में एक और महत्वपूर्ण मांग उठाई है। उन्होंने कहा कि देहरादून आईएसबीटी से रात्रि में स्मार्ट सिटी बस सेवा का संचालन भी सुनिश्चित किया जाए, ताकि आम आदमी रात में भी सस्ती और सुरक्षित सार्वजनिक बस सेवा का लाभ ले सके। वर्तमान में रात में बस सेवा न होने से यात्रियों को ऑटो और प्राइवेट टैक्सी पर निर्भर रहना पड़ता है।

उन्होंने मुख्यमंत्री से अनुरोध किया है कि इस विषय में संबंधित विभाग को निर्देश देकर बंद बस सेवाओं को पुनः अपने मार्गों पर सुचारू कराया जाए और रात्रि स्मार्ट सिटी बस सेवा शुरू कराई जाए।

स्थानीय लोगों का भी कहना है कि देहरादून जैसे राजधानी शहर में रात में सार्वजनिक बस सेवा का न होना एक बड़ी कमी है। श्रद्धालुओं और आम जनता की मांग है कि सरकार इस जनहित के मुद्दे पर जल्द फैसला ले।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *